नंदा गौरा कन्याधन योजना के फार्म पुरने प्रारूप में भरने की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय के माध्य?
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। नंदा गौरा देवी कन्या धन योजना के लिए नए प्रारूप में दोबारा फार्म भरवाए जाने पर छात्राओं और अभिभावकों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने नए प्रारूप को अव्यवहारिक बताते हुए अभिभावकों को अनावश्यक रूप से परेशान करने वाला बताया। छात्राओं ने पूर्व में भरे गए आवेदन पत्रों को ही स्वीकार करने की पुरजोर मांग की है। उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी।
छात्राओं ने इस मामले को लेकर एसडीएम रिंकू बिष्ट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। छात्रा आकांक्षा मुरारी, आकांक्षा ढेक, मोनिका, शिखा मुरारी, महिमा ढेक, निकिता ढेक, ममता आर्या, अभिभावक दिनेश सिंह, चंद्र प्रकाश, कमल चंद्र, प्रकाश चंद्र आदि का कहना है कि 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद नंदा गौरा देवी कन्याधन योजना के लाभ के लिए आवेदन फार्म भरे थे लेकिन सरकार ने पुराने फार्माें को निरस्त कर नए प्रारूप में दोबारा फार्म भरने का फरमान जारी किया है।
उन्होंने कहा कि नए प्रारूप में आवेदन प्रक्रिया काफी जटिल है जिसमें भूमि का बाजार मूल्य, भवन का मूल्य, माता-पिता के पिछले तीन साल की आय का स्टेटमेंट, सामाजिक आर्थिक जाति जनगणना में परिवार की स्थिति का विवरण, विगत माह के बिजली, पानी के बिलों का विवरण आदि जानकारी मांगी गई है जिसमें औपचारिकताओं की अधिकता होने के कारण उन्हें पूरा करने में छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पूर्व में भरे गए आवेदन पत्रों को स्वीकार करने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि नए प्रारूप से फार्म भरने की बाध्यता जारी रखी गई तो छात्राएं और अभिभावक उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। संवाद