चंपावत। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने जिला विकास प्राधिकरण की अवस्थापना निधि से चंपावत मुख्यालय में 2,31,72,000 लाख लागत की सात योजनाओं का अनुमोदन किया है। दीपक रावत ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से योजनाओं का अनुमोदन किया। इस राशि से मुख्यालय में विभिन्न स्थानों में पार्किंग का निर्माण किया जाएगा।
इसके अलावा 63,86,000 से दिशा और स्थान संबंधी साइन बोर्ड लगाने के साथ 32,78,000 लाख से लोहाघाट के आंतरिक मार्गों की नाली मरम्मत की जाएगी। आयुक्त ने पार्किंग वाले स्थलों में प्लांटेशन, सौंदर्यीकरण के साथ ही आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मानसून को देखते हुए डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी को आवश्यक निर्देश दिए और कहा कि यदि सड़क बंद होती है तो उसे खोलने की कार्यवाही सुरक्षा के साथ तुरंत की जाए। बैठक में एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, नगरपालिका के ईओ एके वर्मा आदि थे।
खनिज न्यास फाउंडेशन से 110.28 लाख अवमुक्त
लोहाघाट (चंपावत)। खनिज न्यास फाउंडेशन की ओर से गुमदेश क्षेत्र के खनन प्रभावित तीन ग्राम पंचायतों को विभिन्न विकास कार्यों के लिए 110.28 लाख रुपये अवमुक्त किए जाने पर क्षेत्रीय लोगों ने खुशी जताई है। गांवों में विभिन्न विकास कार्य होने पर ग्रामीणों को काफी सहुलियतें मिलेंगी।
जिला पंचायत सदस्य प्रीति पाठक और भाजपा जिला उपाध्यक्ष मोहित पाठक ने बताया कि पूर्व में जिले के अन्य क्षेत्र की तरह पंचेश्वर क्षेत्र के लोगों को खनिज चुगान के अंतर्गत लाभ नहीं मिल पाता था। उन्होंने बताया कि यह मामला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी के सम्मुख रखा गया। शासन ने विकास खंड लोहाघाट के तीन गांव निडिल, विविल और मल्ला खाइकोट ग्राम पंचायतों का चयन किया। इसमें ग्राम विविल में मुख्य सड़क से नरसों तक पहुंच मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए 49.74 लाख, निडिल में मुख्य सड़क से प्राथमिक पाठशाला गौराखल और जूनियर हाईस्कूल तक चकर टाइल मार्ग का निर्माण कार्य के लिए 24.83 लाख, विविल में 25 सोलर लाइट, मल्ला और तल्ला खाईकोट में 50 सोलर लाइट लगाने सहित विभिन्न विद्यालयों की मरम्मत, शौचालय निर्माण, रसोई घर निर्माण आदि विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। ग्राम प्रधान सावित्री देवी, दीपा देवी, गंगा देवी, पुष्पा कलौनी, मनोहरी देवी, हयात कार्की, लाल सिंह काकी आदि ने सीएम धामी और डीएम का आभार जताया है।