चंपावत। जिला मुख्यालय से लगे खर्ककार्की ग्राम पंचायत का एक युवक अपनी सूझबूझ से ठगों के चंगुल में फंसने से बच गया। युवक को डाकघर के जरिये वन विभाग में नियुक्ति का फर्जी प्रमाण पत्र भेजा गया। इसमें लिखा गया था कि 2015 में हुई भर्ती के आधार पर आपको वनरक्षक पद पर नियुक्ति दी जा रही है। नियुक्ति पत्र पर वेतन समेत ट्रेनिंग का समय भी दर्शाया गया है। युवक ने बताया कि वह संविदा पर एक विद्यालय में कार्यरत है। उनको भेजे गए फर्जी प्रमाण पत्र में बताया गया कि जमानत राशि के रूप में उन्हें 15 हजार रुपये विभाग के खाते में जमा करने होंगे। उसके चार दिन बाद विभाग की टीम आपके पते पर आकर नियुक्ति प्रदान करेगी। इससे युवक को गड़बड़ी का शक हुआ। वह सच्चाई जानने के लिए कॉल लेटर लेकर वन विभाग कार्यालय में गया तो पता चला कि यह फर्जी पत्र है। फिलहाल युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है।