टनकपुर (चंपावत)। नौकरी के लिए विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने ठगी करने वालों के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने फिलहाल केस दर्ज नहीं किया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर की विष्णुपुरी कॉलाेनी निवासी अरुण कुमार पाटनी की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि उसने खटीमा निवासी अपने एक परिचित से वर्ष 2022 में दो लोगों को नौकरी के लिए अमेरिका भेजने की बात कही तो उसने लुधियाना पंजाब निवासी दो एजेंट से संपर्क कराया।
बात पक्की होने पर उसने लुधियाना के इन एजेंट की फर्म नेबो ट्रैवल, ओम एंटरप्राइजेज और सरदार इमिग्रेशन के खाते में थोड़े-थोड़ कर 14 लाख 17 हजार रुपये डाले लेकिन उन्होंने न तो संबंधित व्यक्तियों को नौकरी के लिए अमेरिका भेजा और न ही अब उनके रुपये लौटा रहे हैं। रुपये वापस मांगने पर आरोपी एजेंट अब उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसएसआई बीएस बिष्ट मामले में तहरीर दिए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।