अमर उजाला ब्यूरो, चंपावत/टनकपुर। एक सप्ताह बाद चंपावत जिले से चार और कोरोना (कोविड-19) पॉजिटिव मिले हैं। पॉजिटिव पाए गए सभी चार लोग पुलिस और स्वास्थ्य विभाग में हैं। इनमें एक डॉक्टर, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में तैनात एक अधिकारी, एक दरोगा और एक पुलिस कर्मी है। ये सभी रविवार शाम तक नेपाल सीमा पर ड्यूटी कर रहे थे। रिपोर्ट आने के बाद इन सभी को टनकपुर में आइसोलेट किया गया है। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने बताया कि अब चंपावत जिले में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 12 हो गई है, जबकि 496 लोगों के सैंपल में से 155 की रिपोर्ट आना अभी बाकी है।
टनकपुर के सीएमएस डॉ. एचएस हयांकि ने बताया कि संक्रमित चारों लोग दो दिन पूर्व टनकपुर-बनबसा से लगी नेपाल सीमा में तैनात थे, जबकि उससे पूर्व तक ये लोग ऊधमसिंह नगर जिले से लगे जगबुड़ा पुल में थे। डॉक्टर व एनएचएम अधिकारी इस रूट से आवाजाही करने वाले सैकड़ों लोग की स्क्रीनिंग कर चुके हैं। 26 मई को स्वास्थ्य विभाग व पुलिस के 61 लोगों के सैंपल हल्द्वानी भेजे गए थे, जिसमें से 57 की दो दिन पूर्व रिपोर्ट निगेटिव आ गई थी। रविवार को पॉजिटिव आने के तुरंत बाद इन चारों को टनकपुर के ट्रामा सेंटर में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया है।
सीएमएस का कहना है कि बड़ी संख्या में एसएसबी, पुलिस और स्वास्थ्य कर्मी इन संक्रमितों के संपर्क में रहे हो सकते हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें क्वारंटीन कराया जा रहा है।
--::: चंपावत जिले में कोरोना पॉजिटिव आने का क्रम: 23मई : टनकपुर से 4 और बनबसा से 3 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले।
24 मई: डैंसली से 1 व्यक्ति पॉजिटिव आया।
31 मई: टनकपुर-बनबसा से 1 डॉक्टर, 1 एनएचएम अधिकारी और 2 पुलिस कर्मी पॉजिटिव।