नौवीं कक्षा के छात्र अक्षत वर्मा ने राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिता में अपना जलवा दिखाकर सिल्वर पदक हासिल किया है। अक्षत की टीम फाइनल में पहुंचने के बाद कुछ ही अंतर से पीछे रह गई।
ओकलैंड पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले छात्र अक्षत के अलावा उत्तराखंड के चार खिलाड़ियों ने बीते दिनों चेन्नई में हुई राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था, जिसमें चंपावत के अक्षत के अलावा पिथौरागढ़ के ऋृत्विक चंद रजवार, हल्द्वानी के भावेश पांडेय, काशीपुर के ऋृषिराज, बागेश्वर के अमित पंत शामिल थे। अक्षत ने सेमीफाइनल में वेस्ट बंगाल की टीम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। उत्तराखंड के युवाओं ने भरपूर उत्साह के साथ फाइनल में तमिलनाडु के साथ फाइनल मैच खेला। अक्षत ने फोन पर परिजनों को बताया कि उन्हें फाइनल में सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा है। हालांकि टीम कोच जगदीश नेगी ने बताया कि उत्तराखंड के सभी खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के बाद उनका सम्मान देहरादून में किया जाएगा।
यहां अक्षत के पिता संजय वर्मा और प्रधानाचार्य रमेश पांडेय, सीजेएम मनमोहन सिंह, कोच सचिन जोशी, विधायक पूरन सिंह फत्याल, जिपं अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी, नगर पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा, ब्लॉक प्रमुख योगेश मेहता, खेल प्रेमी प्रहलाद सिंह मेहता, चंद्र किशोर पांडेय, गोविंद बोहरा, हेम पुनेठा आदि ने अक्षत के साथ सभी खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताई।