चंपावत जिले के बाराकोट में तेंदुए के आतंक के चलते इस बार होली की रंगत फीकी पड़ गई है। रविवार को घास लेने गई तुलसी देवी पर तेंदुए के जानलेवा हमले के बाद से ग्रामीणों में भारी दहशत है। सुरक्षा के मद्देनजर लोगों ने रात के समय होने वाले पारंपरिक होली गायन कार्यक्रमों को बंद कर दिया है और शाम होते ही घरों में दुबकने को मजबूर हैं।
मिर्तोली, पुनई, मयो और च्यूरानी जैसे गांवों के स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी अभिभावक चिंतित हैं। वन विभाग ने मामले की गंभीरता देखते हुए इलाके में दो पिंजरे लगाए हैं और गश्त तेज कर दी है। एसडीओ सुनील कुमार ने बताया कि हमलावर तेंदुए की निगरानी के लिए सघन अभियान जारी है, वहीं रेंजर राजेश कुमार जोशी ने ग्रामीणों से अकेले बाहर न निकलने और सावधानी बरतने की अपील की है।