टनकपुर (चंपावत)। कहासुनी के दौरान गुस्साए बेटे ने अपने पिता की पिटाई कर गरम पानी उड़ेल दिया। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। बिजलीघर के पास नई बस्ती वार्ड संख्या पांच निवासी 18 वर्षीय युवक ने शनिवार रात अपने 45 साल के पिता की पिटाई कर उन पर गरम पानी डाल दिया। इससे वह घायल हो गए। पड़ोसियों ने बीच बचाव कर घायल को अस्पताल पहुंचाया। पिता ने बताया कि उनका बेटा किसी बात पर नाराज था। इसी गुस्से में आकर उसने उन पर गरम पानी उड़ेल दिया। इससे उनका सीना और गला झुलसा है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी नहीं पकड़ा जा सका है।
स्कूटी फिसलने से किशोरी घायल
टनकपुर (चंपावत)। बनबसा से शनिवार रात अपने घर लौट रही सैलानीगोठ नई बस्ती निवासी एक किशोरी की स्कूटी सड़क पर फिसलकर पलट गई। इससे किशोरी चोटिल हो गई। सैलानीगोठ पुलिस चौकी प्रभारी एसआई जितेंद्र बिष्ट ने बताया कि आसपास के लोगों ने आपातसेवा 108 के माध्यम से उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां डाॅ. मो. उमर ने उसका प्राथमिक उपचार किया। बताया कि सिर और गर्दन में चोट के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।