चंपावत। चंपावत जिले में अगले छह माह तक गर्भवती महिलाओं के इलाज पर संकट आ गया है। इस अवधि में चंपावत जिले के किसी भी सरकारी अस्पताल में ऑपरेशन से प्रसव नहीं हो सकेंगे। ये नौबत स्त्रीरोग विशेषज्ञ (गायनोलॉजिस्ट) के छह माह के अवकाश पर जाने से आई है। इसके चलते महिलाओं को दिक्कत होने पर दूसरे जिलों अथवा निजी अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ेगी।
जिले में सिर्फ चंपावत जिला अस्पताल में ही गायनोलॉजिस्ट हैं लेकिन गायनोलॉजिस्ट डॉ. मोनिका बीती 19 अगस्त से 180 दिन के अवकाश पर हैं। इस कारण फरवरी 2023 तक जिला अस्पताल में सामान्य, जटिल प्रसव के अलावा ऑपरेशन के जरिए भी प्रसव की सुविधा नहीं मिल सकेगी। अलबत्ता अस्पताल में सामान्य प्रसव की सुविधा मिलेगी। वहीं सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल का कहना है कि निदेशालय को पत्र भेज वैकल्पिक व्यवस्था का अनुरोध किया जा रहा है।
रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर, नहीं हुए अल्ट्रासाउंड परीक्षण
चंपावत। जिला अस्पताल में लगातार तीसरे दिन अल्ट्रासाउंड परीक्षण नहीं हुए। रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर होने से ये परीक्षण नहीं हो सके। इसके चलते लोगों को अल्ट्रासाउंड के लिए निजी अस्पतालों में दौड़ लगानी पड़ी। पीएमएस डॉ. एचएस ऐरी ने बताया कि शुक्रवार से अल्ट्रासाउंड परीक्षण फिर से शुरू होंगे।
सुबह शुरू हुई डायलिसिस, नौ लोगों को मिली राहत
चंपावत। पानी की आपूर्ति सुचारु होने के साथ ही बृहस्पतिवार तड़के चंपावत जिला अस्पताल में डायलिसिस (रक्तशोधन) सेवा शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को नौ लोगों की डायलिसिस हुई। डायलिसिस यूनिट के हंस फाउंडेशन के प्रभारी अरविंद बिष्ट ने बताया कि मरीजों की सुविधा के मद्देनजर सुबह साढ़े चार बजे से डायलिसिस सेवा शुरू की गई।
रीठा साहिब की सुचारु हुई एंबुलेंस सेवा
रीठा साहिब (चंपावत)। रीठा साहिब की आपात चिकित्सा सेवा 108 की एंबुलेंस सेवा फिर से शुरू हो गई है। इससे लधिया घाटी क्षेत्र के लोगों को राहत मिली है। 108 एंबुलेंस सेवा के जिला समन्वयक कमल शर्मा ने बताया कि रीठा साहिब की एंबुलेंस के खराब गियर बॉक्स के ठीक होने के बाद एंबुलेंस फिर से संचालित हो गई है। चंपावत जिले में आपात सेवा 108 की दस एंबुलेंस हैं।
चंपावत में मिले तीन कोरोना संक्रमित
चंपावत। चंपावत जिले में बृहस्पतिवार को तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। डॉ. मनीष बिष्ट ने बताया कि सभी संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रहने को कहा गया है। साथ ही संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की जांच भी कराई जा रही है। इस वक्त चंपावत जिले में कुल दस संक्रमित हैं। संवाद