चंपावत जिले में इन दिनों कॉकरोच पार्टी अभियान वर्चुअल राजनीति का नया चेहरा बनकर उभर रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हो रहे इस अभियान ने स्थानीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। डिजिटल पोस्टर, व्यंग्यात्मक स्लोगन और वायरल तस्वीरों के जरिए यह अभियान लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
वायरल पोस्टरों में जनप्रतिनिधि की तस्वीर के साथ मैं हूं कॉकरोच जैसे नारे दिखाई दे रहे हैं। शुरुआत में इसे सोशल मीडिया ट्रोलिंग या मजाक माना जा रहा था, लेकिन अब कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समर्थकों के खुलकर सामने आने से यह अभियान राजनीतिक रंग लेने लगा है।
समर्थकों का कहना है कि यह अभियान व्यवस्था और राजनीतिक सोच पर व्यंग्य करने का एक नया तरीका है। वहीं, विरोधी इसे सोशल मीडिया के जरिए माहौल बनाने और स्थानीय राजनीति को प्रभावित करने की रणनीति मान रहे हैं। खेतीखान के सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम बल्लभ ने बताया कि डिजिटल दौर में राजनीति अब केवल सभाओं और रैलियों तक सीमित नहीं रह गई है। सोशल मीडिया के जरिए चलने वाले ऐसे अभियान तेजी से जनमत तैयार करने का माध्यम बनते जा रहे हैं। चंपावत में कॉकरोच पार्टी अभियान भी इसी बदलती वर्चुअल राजनीति का उदाहरण माना जा रहा है।