पूर्णागिरि धाम में मंदिर समिति के साथ बैठक में व्यवस्थाओं की जानकारी देते सीओ अविनाश वर्मा। संव
पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम में 15 अक्तूबर से शारदीय नवरात्र मेला शुरू होगा। इसके लिए मंगलवार को मंदिर समिति और पुलिस की बैठक में पूर्णागिरि धर्मशालाओंं के कर्मचारियों का अनिवार्य सत्यापन करने का निर्णय लिया गया। सीओ अविनाश वर्मा ने कहा कि नवरात्र के लिए जरूरत के हिसाब से पुलिस बल भेजा जाएगा। टैक्सी संचालकों से वार्ता के बाद आवाजाही पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने कहा कि नवरात्र के दौरान जलकुनिया स्रोत से मंदिर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति होगी। सुरक्षा के लिए नवरात्र में पुलिस की अतिरिक्त व्यवस्था करने का आग्रह किया। श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाने के अलावा सफाई की पुख्ता व्यवस्था की जा रही है। भैरव मंदिर, टुन्नास क्षेत्र और मुख्य मंदिर में पर्यावरण मित्रों के अलावा व्यवस्था सुचारू रखने के लिए 12 स्वयंसेवक रखे जाएंगे। बैठक में कोतवाल चंद्रमोहन सिंह, चौकी प्रभारी अरविंद कुमार, समिति के उपाध्यक्ष नीरज पांडे, सचिव सुरेश तिवारी, कोषाध्यक्ष नवीन तिवारी, संजय तिवारी, महेश पांडे आदि मौजूद थे।