टनकपुर में हाईवे पर आया हाथी। संवाद
टनकपुर। पूर्णागिरि मेले में यात्रियों की आवाजाही के बीच हाथियों का खतरा मंडरा रहा है। बूम पार्किंग उचौलीगोठ से करीब दो सौ मीटर पहले मार्ग पर शुक्रवार को अचानक हाथी आने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। डर के मारे करीब आधे घंटे तक पैदल यात्रियों ने आवाजाही नहीं की। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची लेकिन तब तक हाथी जंगल की ओर निकल गया था।
समाजसेवी घनश्याम भट्ट ने बताया कि शुक्रवार सुबह मार्ग पर आया हाथी देर शाम फिर उसी जगह सड़क पर आकर जंगल की ओर निकल गया। गनीमत रही कि हाथी यात्रियों के पीछे नहीं दौड़ा, वरना भागदौड़ में यात्री चोटिल हो सकते थे। पूर्णागिरि मेला शुरू होने से पैदल यात्रियों की लगातार आवाजाही हो रही है। ऐसे में हाथी के हमले का खतरा बना है। मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम सुंदर सिंह का कहना है कि वन विभाग को पूर्णागिरि मार्ग पर लगातार गश्त करने के लिए कहा गया है।