लोहाघाट (चंपावत)। विकास खंड लोहाघाट के छमनियां में नव निर्मित केंद्रीय विद्यालय भवन के संचालन में आ रही रूकावट दूर हो गई है। विद्यालय परिसर में खतरा बने विद्युत पोलों को हटाने के लिए सांसद ने स्वीकृति दे दी है। अब जल्द विद्यालय के नए भवन में संचालन की उम्मीद बढ़ गई हैं। बुधवार को पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा ने बताया कि छमनियां के पास केंद्रीय विद्यालय का भवन पूर्व में बनकर तैयार हो गया था लेकिन भवन के पास खतरा बने सात बिजली के पोल न हटने के कारण विद्यालय को शिफ्ट नहीं किया जा सका। अध्यक्ष वर्मा ने बताया कि इसके लिए उन्होंने केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्य स्वाति से मुलाकात कर समस्या पर चर्चा की और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा के सामने समस्या को रखा। केंद्रीय मंत्री ने बिजली के पोल को हटाने के लिए सांसद निधि से करीब छह लाख रुपये स्वीकृति कर दिए। अध्यक्ष वर्मा ने बताया कि विद्यालय के पास बिजली के पोलों को हटाया जाएगा और जल्द ही पुराने भवन से नए भवन में विद्यालय संचालित होगा। इसके लिए डीएम मनीष कुमार और केंद्रीय मंत्री का आभार जताया।