चंपावत। जिले में देहरादून और अल्मोड़ा के बाद राज्य के तीसरे साइंस सेंटर के निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। साइंस सेंटर के निर्माण संबंधी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बाद राजस्व विभाग की ओर से चंपावत में साइंस सेंटर के निर्माण के लिए शहीद शिरोमणी चिलकोटी चंपावत-गौड़ी रोड पर 98 नाली भूमि विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग को पूर्व में ही हस्तांतरित कर दी गई है। वहीं अब कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग की ओर से साइंस सेंटर के निर्माण की विस्तृत कार्ययोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर मंजूरी के लिए शासन को भेज दी गई है।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता एमसी पलडिय़ा ने बताया कि मुख्यालय में प्रस्तावित साइंस सेंटर में खगोल विज्ञान की जानकारी के लिए तारामंडल का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा ऑडिटोरियम, इनोवेशन हट, ओवन पार्क का निर्माण भी होगा। साथ ही साइंस पार्क के अलावा फन साइंस और थीम बेस्ड गैलरी का निर्माण भी कराया जाएगा। संवाद
बाक्स
छात्र-छात्राओं और प्रतियोगी परीक्षा के युवाओं को मिलेगा लाभ
चंपावत। जिले में यूकॉस्ट के निर्देश में साइंस सेंटर का निर्माण होने से विज्ञान वर्ग के छात्र-छात्राओं को लाभ पहुंचेगा। यूकॉस्ट के प्रो. दुर्गेश पंत के अनुसार साइंस सेंटर के निर्माण से चंपावत के साथ ही ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिले के छात्र-छात्राओं और विभिन्न प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे युवाओं को लाभ मिलेगा। संवाद
कोट
मुख्यालय में साइंस सेंटर की डीपीआर दिल्ली की माथुर एंड कापरे एजेंसी ने तैयार की है। इसे मंजूरी के लिए शासन को भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलते ही साइंस सेंटर के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
अनुपम राय, सहायक अभियंता, लोनिवि, चंपावत।