चंपावत में अनियंत्रित डंपर खाई में गिरा
- फोटो : अमर उजाला
चंपावत जिले के अमरू बैंड के पास एक डंपर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया, जिसमें चालक घायल हो गया। डीसीआर के माध्यम से सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल चालक को रेस्क्यू कर उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय टनकपुर भेजा।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात डंपर संख्या यूके05सीए-1619 बेलखेत से टनकपुर की ओर आरबीएम लेकर जा रहा था। अमरू बैंड से करीब 500 मीटर आगे तीव्र मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे डंपर खाई में जा गिरा। हादसे में चालक नारायण सिंह (40) पुत्र भूप सिंह, निवासी बेलखेत, चल्थी, चंपावत को हल्की चोटें आईं।
पुलिस कर्मियों और राहगीरों की मदद से घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय टनकपुर भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। सूचना पर कांस्टेबल कमलनाथ गोस्वामी, कांस्टेबल कुलदीप और कांस्टेबल आनंद नेगी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।