कार की टक्कर से घायल महिला। संवाद
टनकपुर (चंपावत)। बस स्टेशन के पास एक टैक्सी ने राह चलती महिला को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर निवासी जसोदा पत्नी प्रताप सिंह शुक्रवार की देर शाम बस स्टेशन के पास सड़क किनारे चल रही थी। अचानक पीछे से आई अनियंत्रित टैक्सी (यूके 03-1258) ने उसे टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने घायल जसोदा को उप जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्साधिकारी डॉ. मो. उमर ने बताया कि सिर में गंभीर चोट के कारण महिला को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
इधर पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार को जब्त कर आरोपी चालक दीपक जोशी के खिलाफ नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में संबंधित धारा में केस दर्ज किया है। बताया कि घायल महिला की ओर से हादसे की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद