टनकपुर (चंपावत)। सैलानीगोठ नई बस्ती क्षेत्र की पंप से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से लोग परेशान हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द नवनिर्मित पंप को चालू कराने की मांग उठाई है।
ग्राम प्रधान रमीला आर्या और समाजसेवी हरीश प्रसाद ने बताया कि वर्तमान में नई बस्ती क्षेत्र के करीब दो सौ परिवारों को मनिहारगोठ की पेयजल लाइन से पानी की आपूर्ति की जा रही है। इस लाइन में अधिक लोड होने से पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। करीब डेढ़ वर्ष से जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव में बोर लगा है, लेकिन उसमें पंप नहीं लगाने से आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसके लिए बीते दिनों एसडीएम आकाश जोशी के समक्ष भी मामला उठाया। सप्ताह भर में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक पंप चालू नहीं हो सका है। ग्रामीणों को हैंडपंप पर अधिक निर्भर होना पड़ रहा है। उन्होंने तत्काल पंप को चालू कर बेहतर पेयजल आपूर्ति कराने की मांग की है। संवाद