चंपावत जिला अस्पताल का निरीक्षण करते डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में सही ढंग से सफाई न होने की शिकायत को डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने बृहस्पतिवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था में खामी मिलने पर पीएमएस को चेतावनी देते हुए पत्र जारी किया है। डीएम ने अस्पताल में दो स्वच्छक रखने और रोजाना दो बार चादर बदलने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा गैर हाजिर मिली एक नर्स का भी जवाब तलब किया है।
दुधपोखरा निवासी एक महिला पेट संबंधी दिक्कत होने पर बृहस्पतिवार को अस्पताल पहुंची तो वहां चादर साफ न होने के साथ बेड पर उपयोग की हुई रूई रखी हुई थी। मरीज के तीमारदार विवेक बिष्ट ने इस पर अस्पताल प्रबंधन से आपत्ति जताई। बाद में यह मामला डीएम तक पहुंचने पर उन्होंने बृहस्पतिवार दोपहर इमरजेंसी वार्ड का औचक निरीक्षण किया। मरीज से बात करने और अस्पताल के मुआयने में सफाई में कई खामियां नजर आईं।
डीएम भंडारी ने इमरजेंसी वार्ड सहित समूचे अस्पताल परिसर में स्वच्छता में सुधार करने के निर्देश दिए। इसके लिए चिकित्सा प्रबंधन समिति के प्रस्ताव के अनुरूप स्वच्छकों की तैनाती करने की हिदायत दी गई।
पीएमएस डॉ. एचएस ऐरी ने बताया कि समिति के प्रस्ताव के अनुरूप तीन में से एक स्वच्छक की तैनाती कर ली गई है। शेष दो स्वच्छक जल्द रख लिए जाएंगे। पीएमएस का कहना है कि अस्पताल परिसर की सफाई को बेहतर किया जाएगा। इसके लिए सभी जरूरी उपाय किए जाएंगे।