चंपावत। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने लंबे समय से मानदेय का भुगतान और ढुलान भाड़े का भुगतान नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई है। सस्ता गल्ला विक्रेता संगठन की प्रदेश इकाई की बीते दिनों ऋषिकेश में हुई बैठक में विरोध के लिए आंदोलन की रणनीति तय की गई है। इसके तहत एक मई से सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता राशन का उठान नहीं करेंगे। सस्ता गल्ला विक्रेता संगठन के जिलाध्यक्ष भरत राम ने बताया कि ऋषिकेश बैठक में प्रदेश के सभी 13 जिलों से आए सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने प्रदेश संगठन के निर्देशों का पालन करने और एक मई से राशन का उठान नहीं करने का एलान किया। बताया कि सरकार मांग पूरी नहीं कर पा रही और केवल आश्वासन देकर ठगने का काम कर रही है। जब भी गल्ला विक्रेताओं ने हड़ताल की अपनी मांग सरकार के समक्ष रखी तो केवल आश्वासन मिला है। 11 माह से पीडीएस और 13 माह से एनएफसी के बिलों का अभी तक भुगतान नहीं हुआ है। इसके विरोध में गल्ला विक्रेता एक मई से राशन नहीं उठाने के साथ अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे। संवाद