आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी में महानिदेशक कृष्णा चौधरी ने बोनाल हिमालयन एडवेंचर क्लब वॉलीबाल प्रतियोगिता में उप विजेता रही आईटीबीपी की सेंट्रल टीम को सम्मानित किया। टीम के कोच इंस्पेक्टर प्रताप सिंह के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के फाइनल मैच में विजयी टीम को कड़ी टक्कर दी, जबकि उसमें एक अंतरराष्ट्रीय एवं पांच राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी अपना जलवा बिखेर रहे थे।
डीजी ने खिलाड़ियों को ट्राफी के साथ 51 हजार रुपये का पुरस्कार दिया। इससे पहले उन्होंने जवानों से भेंटकर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उनका कहना था कि आईटीबीपी के जवान विषम परिस्थितियों से जूझते हुए राष्ट्र सेवा एवं नागरिकों की सुरक्षा कर संगठन की गरिमा और गौरव को बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं, जिसमें जवानों से लेकर अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार आईटीबीपी के जवानों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए विशेष प्रयास कर रही है।
हिमालयी क्षेत्र में उनकी तैनाती के दौरान उनके संघर्षमय जीवन को सुगम बनाने का भी विशेष प्रयास किया जा रहा है, जिसके परिणाम शीघ्र सामने आने लगेंगे। इस दौरान आईजी पुनीत रस्तोगी, डीआईजी राम मेहर सिंह, कमांडेंट आनंद सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी भानु प्रताप सिंह, सहायक सेनानी डा.अंबरीश आदि थे।