टनकपुर (चंपावत)। सावन के दूसरे सोमवार को क्षेत्र के शिवालयों में हर-हर महादेव के उद्घोष की गूंज रही। शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शिवालयों में दिनभर भक्तों ने भजन-कीर्तन कर भगवान शिव की आराधना की। शहर के मुक्तेश्वर महादेव मंदिर, पंचमुखी महादेव मंदिर, शारदा चुंगी शिवालय के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के ज्ञानखेड़ा, छीनीगोठ, उचौलीगोठ, सैनिक छावनी, सैलानीगोठ आदि शिवालयों में सोमवार को विशेष पूजा हुई। उधर मां पूर्णागिरि धाम के भैरव मंदिर में मंदिर समिति की ओर से सोमवार से अखंड रामायण पाठ शुरू किया गया है। मंगलवार को भंडारे के साथ पाठ का पारायण होगा।