बाराकोट में क्वांरखोली से पाड़ासोंसरा मोटर मार्ग में डामरीकरण की मांग को लेकर प्रदर्शन करते ग्र
लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड बाराकोट में क्वारखोली से पाड़ासौंसेरा तक बदहाल सड़क पर डामरीकरण करने और सड़क को पीएमजीएसवाई से लोनिवि को हस्तांतरित करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जल्द मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को कृष्णा अधिकारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि आठ साल पहले पीएमजीएसवाई ने करीब 15 किलोमीटर मोटर मार्ग पर डामरीकरण किया गया। अब सड़क से डामर उखड़ गया है। ऊबड़खाबड़ मोटर मार्ग पर आवाजाही करने पर हर समय दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने कहा कि इस मार्ग से रावल गांव, सूराकोट, पाड़ासौंसेरा, झिरकुनी, छुलापें आदि गांवों के आठ से दस हजार लोग आवाजाही करते हैं। कई बार शासन-प्रशासन से बदहाल सड़क के डामरीकरण करने की मांग की जा चुकी है लेकिन ग्रामीणों की मांग को अनसुना किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई से डामरीकरण के बाद सड़क को लोक निर्माण विभाग को रखरखाव के लिए सौंपने की मांग उठाई। प्रदर्शन करने वालों में मोहन सिंह अधिकारी, नारायण अधिकारी, निर्मल अधिकारी, दिनेश गोस्वामी, विक्रम अधिकारी, गोलू अधिकारी, रोहित अधिकारी, भरत अधिकारी आदि मौजूद रहे। इधर पीएमजीएसवाई के अभियंता देवेश कोहली ने बताया कि सड़क के रखरखाव का पांच वर्ष का समय समाप्त हो गया है। इस इस सड़क को लोनिवि के हैंडओवर करने के लिए पिछले साल ही पत्रावली भेजी गई है।