टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि तहसील के नौलापानी को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग लगातार मुखर होती जा रही है। इस संबंध में ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गणेश राम के नेतृत्व में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण की मांग उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि कठौल तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क का निर्माण कराया गया है। कठौल से नौलापानी तक के ग्रामीणों को सड़क मार्ग की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं होने से स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ ही अन्य लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम प्रधान गीता देवी ने कहा कि पूर्व में भी सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में बीडीसी सदस्य मनोज सिंह, जिला पंचायत सदस्य दीपा जोशी थीं।