टनकपुर (चंपावत)। मंगलवार की शाम से रातभर हुई मूसलाधार बारिश से बाटनागाड़ में फिर मलबा आने की वजह पूर्णागिरि धाम मार्ग करीब साढ़े पांच घंटे बाधित रहा। बुधवार की सुबह से ही लोनिवि की टीम जेसीबी और पोकलेन की मदद से मलबा हटाने में जुट गई थी।
लोनिवि की जेई तनुजा देव ने बताया कि सुबह छह बजे से बंद पूर्णागिरि मार्ग सुबह करीब 11:30 बजे खोल दिया गया था। मार्ग बंद होने से पूर्णागिरि दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं शाम को छह बजे दोबारा मलबा आने से बाटनागाड़ में आवाजाही बंद हो गई।
विज्ञापन
इस बीच एक जीप बाटनागाड़ में फंस गई जिसे काफी मशक्कत के बाद किनारे किया जा सका। समाचार लिखे जाने तक मार्ग खोलने का काम जारी था। संवाद