शारदा में डूबे किशोरों के पोस्टमार्टम को लेकर एसडीएम सुंदर सिंह और सीओ अविनाश वर्मा से वार्ता क
टनकपुर (चंपावत)। पांच दिन पहले शारदा घाट से करीब दो सौ मीटर दूरी पर नहाते वक्त डूबे दोनों बच्चों के शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर शारदा नदी में उतराते मिले। पुलिस और परिजनों के बीच काफी देर चली वार्ता के बाद बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम नहीं किया गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को परिजनों को सौंप दिया।
बरेली जिले के फरीदपुर निवासी अंकित (10) पुत्र सुमित कुमार और भोलापुर पीलीभीत निवासी अमित (8) पुत्र हरीश राज 28 फरवरी को शारदा घाट से दो सौ मीटर दूर नहाते वक्त नदी के तेज प्रवाह की चपेट में आकर डूब गए थे। एसडीआरएफ एवं जल पुलिस के तैराकों के साथ ही स्थानीय तैराक युवकों की टीम घटना के बाद से लगातार उनकी तलाश में जुटी रही।
शनिवार को पांचवें दिन टनकपुर बैराज के गेट संख्या 16 से करीब दो सौ मीटर पहले दोनों बच्चों के नदी में डूबे शव दिखाई दिए जिन्हें खोज में जुटे गोताखोरों ने बाहर निकाला। शव मिलने का पता चलते ही रोते-बिलखते परिजन घाट पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की तो परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराने की जिद पर अड़ गए।
एसडीएम सुंदर सिंह, सीओ अविनाश वर्मा के अलावा भाजपा नेता दीपक पाठक, पूर्व पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन रावत ने मौके पर पहुंचे। काफी देर चली वार्ता के बाद पुलिस ने परिजनों के लिखित आग्रह पर पोस्टमार्टम कराए बगैर पंचनामा भरकर शव उन्हें सौंप दिए।
टीम में जल पुलिस के हेड कांस्टेबल दिनेश कोहली, रविंद्र कुमार उर्फ पहलवान के अलावा स्थानीय तैराक रवि सक्सेना, भारत, सूरज शर्मा, सूरज बंगाली, योगी श्रीवास्तव, जयदेव, संदीप कश्यप आदि शामिल थे।