चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल्थी के पास पिकअप की चपेट में आकर स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने पिकअप जब्त कर ली जबकि उसका चालक फरार है।
ग्राम कन्यूड़ा निवासी कमल भट्ट (27) पुत्र डुंगर देव भट्ट शनिवार रात स्कूटी पर सवार होकर टनकपुर से चंपावत आ रहे थे। इसी दौरान चल्थी के पास उनकी स्कूटी सामने से आ रही पिकअप की चपेट में आ गई।
इससे स्कूटी सवार कमल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर चल्थी चौकी प्रभारी देवेंद्र बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अपने वाहन से कमल को जिला अस्पताल लाई लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही कमल की मौत हो चुकी थी।
सीओ बीसी पंत ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने पिकअप के अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। परिजनों के मुताबिक छह महीने पहले ही कमल की शादी माया देवी से हुई थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। उनके सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कई लोगों ने उनके घर जाकर शोक जताया।