पिकअप में अवैध रूप से लदे सरकारी खाद्यान्न मामले का पांचवें दिन भी पुलिस कोई खुलासा नहीं कर सकी है। फरार आरोपी चालक भी अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है। एक दिसंबर की देर शाम को पुलिस ने विधायक पूरन सिंह फर्त्याल की सूचना पर दो पिकअप में लदा 30 क्विंटल सरकारी चावल बरामद किया था। पुलिस द्वारा एक वाहन चालक को तो पकड़ लिया था, लेकिन दूसरा वाहन चालक फरार हो गया। घटना के करीब 20 घंटे बाद लोहाघाट के सहायक खाद्य निरीक्षक द्वारा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। उसके बाद से अभी तक खाद्यान्न को डंप करने वाले असली आरोपी और दूसरे फरार चल रहे चालक को पकड़ने में पुलिस नाकाम रही है। इधर आदर्श राशनिंग वेलफेयर सोसाइटी ने भी मामले का शीघ्र पर्दाफाश न करने पर जनवरी माह से खाद्यान्न का उठान न करने की चेतावनी दी है। जांच अधिकारी एसआई प्रेम विश्वकर्मा का कहना है कि फरार चल रहे चालक की गिरफ्तारी के लिए जगह जगह दबिशें दी जा रही हैं।