पहाड़ से लीसा तस्करी के मामले को डीएफओ एके गुप्ता ने गंभीरता से लेते हुए चल्थी, बस्तिया वन चौकी में तैनात वन दरोगा समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
दोगाड़ी रेंज के रेंजर रमेश चंद्र जोशी को मामले की जांच सौंपकर सप्ताहभर में रिपोर्ट देने को कहा गया है। डीएफओ ने कहा कि जांच में विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों की मिलीभगत पाए जाने पर उन्हें बर्खास्त किया जाएगा।
रविवार को पुलिस ने चेकिंग के दौरान एलपी ट्रक नंबर यूके 04सीए/1638 में लदे लीसा के 405 कनस्तर बरामद किए थे।
लीसा तस्करी के इस मामले में डीएफओ ने कड़ा कदम उठाते हुए चल्थी वन चौकी में तैनात वन दरोगा शंकर राम, श्रमिक मोेहन सिंह धामी, बस्तिया चौकी में तैनात वन रक्षक पूरन चंद्र गहतोड़ी, गणेश चंद्र जोशी, महेश चंद्र भट्ट को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
डीएफओ गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच दोगाड़ी के रेंजर को सौंपी गई है। एक सप्ताह के अंदर जांच रिपोर्ट देने को कहा गया है।
जांच में किसी अधिकारी, कर्मचारी की लिप्तता सामने आई तो उनके खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई भी की जा सकती है। बहरहाल पहाड़ से लीसा तस्करी के इस भंडाफोड़ से वन महकमे में खासा हड़कंप मचा हुआ है।