सुरक्षा के चलते भारतीय वाहनों के नेपाल जाने पर रोक पांचवें दिन भी बरकरार रही। नेपाल प्रशासन ने अब तक भारतीय वाहनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी नहीं ली है। टनकपुर के सीओ राजन सिंह रौतेला ने कहा कि हालत सामान्य होने तक भारतीय वाहन नेपाल नहीं जा सकेंगे।
भारतीय वाहनों के नेपाल प्रवेश करने पर आग के हवाले किए जाने की नेपाल छात्रसंघ की धमकी के बाद पांचवें दिन भी भारत के वाहन नेपाल नहीं जा सके। भारतीय वाहनों को शारदा बैराज पर रोक दिया गया। ट्रांसपोर्टर भारतीय सीमा से नेपाल के वाहनों में सामान लदवा कर भेज रहे हैं। नेपाली यात्रियों को तांगों, मैजिक और ई-रिक्शा पर भारत-नेपाल सीमा पिलर संख्या 7 तक पहुंचाया जा रहा है। हालांकि नेपाल के वाहनों की आवाजाही जारी है।
कैसिनों के शौकीनों की हो रही पदयात्रा
नेपाल के कैसिनों में भाग्य आजमाने वाले कुछ भारतीय नागरिक अपने वाहन शारदा बैराज पर खड़े कर पैदल ही नेपाल जा रहे हैं। जबकि कुछ शारदा बैराज से नेपाल के वाहनों के जरिये कैसिनों जा रहे हैं।