लोहाघाट (चंपावत)। क्वैराला गांव के एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी पत्नी व दो बच्चों को वापस लाने गुहार लगाई है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंचेश्वर कोतवाली के प्रभारी डीएल वर्मा ने बताया कि हयात राम द्वारा दी गई तहरीर में कहा गया है कि वह अपनी पत्नी और बेटा-बेटी के साथ उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के एक होटल में काम करता था। जबकि पत्नी दीपा प्रेमनगर मोहल्ले में वंदना नाम की महिला के घर में काम करती थी। वंदना ने काम के बदले बेटी को पढ़ाने का भरोसा देते हुए तीन साल की बेटी को अपने घर रख लिया।
पत्नी के भाई का साला दीपक भी बुलंदशहर में काम करता था। आरोप है कि दीपक के दीपा से अवैध संबंध हो गए और वह दीपा व बेटे को अपने साथ ले गया। वंदना भी अब बेटी को वापस करने से मना कर रही है। बुलंदशहर से वापस लौट हयात ने 31 जनवरी को कोतवाली में तहरीर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि दीपक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 497 और वंदना के खिलाफ धारा 342 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।