टनकपुर (चंपावत)। मछली गली कॉलोनी वार्ड संख्या चार में एक किशोर की तीन सितंबर को तालाबनुमा गड्ढे में डूबकर मौत हो गई थी, इस मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। किशोर की मां ने कोतवाली पुलिस में तहरीर देकर जांच की मांग की है। पुलिस ने बताया कि जांच के लिए दफनाए शव का पोस्टमार्टम किया जाना जरूरी है। शव को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ही निकाला जा सकता है। अग्रिम कार्रवाई के लिए डीएम और एसपी को रिपोर्ट भेजी गई है।
तीन सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन नवीन (14) पुत्र राजू तालाबनुमा गड्ढे में डूब गया था। परिजन नवीन को संयुक्त चिकित्सालय ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। कॉलोनी के लोगों के कहने पर परिजनों ने बगैर कोई पुलिस कार्रवाई किए शव दफना दिया। नवीन की मां दुर्गा देवी ने कोतवाली में तहरीर देकर बेटे की मौत की जांच का आग्रह किया है। सीओ आरएस रौतेला ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।