बनबसा (चंपावत)। शारदा नहर से एक युवक का शव बरामद हुआ है। धनुषपुल स्थित साइफन मार्ग पर युवक की बाइक पड़ी होने से उसके अनियंत्रित होकर नहर में गिरने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने लालकोठी खटीमा के पास युवक का शव बरामद किया। झनकईया थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शुक्रवार को गुदमी और देवीपुरा के ग्रामीणों ने पुलिस को धनुषपुल के पास साइफन में बाइक (यूए 03 ए-8027) पड़ी होने सूचना दी। जिससे फिर किसी बाइक सवार के नहर में गिरने की आशंका जताई जाने लगी। थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने बताया कि बाइक बनबसा निवासी ललित श्रीवास्तव (47) पुत्र मुन्ना लाल श्रीवास्तव की बताई गई। उन्होंने पुलिस, पीएसी तैराक दल को बुलाया। काफी मशक्कत के बाद बाइक सवार उक्त युवक का शव लालकोठी के पास बरामद कर लिया गया। बता दें कि धनुषपुल के पास शारदा नहर के पैदल मार्ग पर कई बाइक सवारों की शारदा नहर में गिरने से मौत हो चुकी है। पिछले वर्ष 28 नवंबर की रात चंदफार्म निवासी रमेश चंद्र भट्ट की बाइक उसी जगह पड़ी मिली थी। उसकी भी शारदा नहर में गिरने से मौत हुई थी।