बनबसा (चंपावत)।
नेपाल के प्रवेश द्वार गड्ढा चौकी में एक नेपाली व्यवसायी द्वारा सीमा पर सवारियां ढोने का काम करने वाले बनबसा निवासी बाइक चालक की पिटाई करने से कुछ समय के लिए सीमा पर तनाव पैदा हो गया। भारतीय युवकों ने भारत-नेपाल सीमा पिलर संख्या सात के पास कुछ समय तक धरना-प्रदर्शन किया। बनबसा पुलिस ने समझदारी दिखाते हुए धरना-प्रदर्शन समाप्त कराया। पीड़ित बाइक चालक ने पिटाई करने वाले नेपाली व्यवसायी के खिलाफ नेपाल पुलिस को तहरीर सौंपी है।
बनबसा और नेपाल के बीच कई बाइक चालक सवारी ढोने का काम कर रहे हैं। भारतीय बाइक चालकों से नेपाल में अवैध उगाही की शिकायतें मिल रही हैं। बताया गया कि बृहस्पतिवार देर शाम नेपाल के गड्ढा चौकी में व्यवसाय करने वाले तुंग बहादुर थापा ने पैसे न देने पर बनबसा निवासी बाइक चालक साबिर के साथ मारपीट कर दी। उसका आरोप था कि उक्त नेपाली बाइक पर सवारी ढोने वालों से अवैध रूप से पैसे वसूलता है।
पिटाई के बाद भारतीय बाइक चालक ने अपने अन्य सवारी ढोने वाले बाइक चालकों को सीमा पर बुला लिया। उन्होंने नेपाली सवारी ढोने वाली बाइकों को भी भारत नहीं आने देने को लेकर सीमा पर धरना-प्रदर्शन कर दिया। थानाध्यक्ष राजेश पांडेय ने बताया कि भारतीय बाइक चालकों को समझा-बुझाकर धरना-प्रदर्शन समाप्त करा दिया गया। नेपाली बाइक चालकों को रोकने वालों पर कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी। बाद में पीड़ित भारतीय बाइक चालक ने गड्ढा चौकी जाकर नेपाल पुलिस को आपबीती सुनाई और तहरीर दी। नेपाल पुलिस ने तुंग बहादुर थापा को पकड़कर मामले की जांच शुरू कर दी है।