टनकपुर (चंपावत)। शहर के वार्ड संख्या दस में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में अराजक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ और परिसर में गंदगी फैलाई जा रही है। विद्यालय की प्रधानाध्यापक पुष्पा शर्मा और सभासद शोभा देवी ने नगर पालिका अध्यक्ष से इसकी लिखित शिकायत कर कार्रवाई करने का आग्रह किया है। शिकायती पत्र में कहा है कि विद्यालय समय के बाद कुछ अराजक तत्वों द्वारा विद्यालय में तोड़फोड़ कर विद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। विद्यालय परिसर एवं कक्षों में गंदगी की जा रही है। कक्षों एवं बरामदे में शराब की खाली बोतलें भी पड़ी मिलती है। इससे विद्यालय में चोरी एवं अभिलेखों को क्षति पहुंचाए जाने की आशंका बनी है।