टनकपुर (चंपावत)।
शुक्रवार रात रेलवे स्टेशन के पास क्रासिंग पर वाहन को पास देने को लेकर रेलवे के श्रमिकों और रेलवे कालोनी के युवकों के बीच जमकर पथराव हुआ। इसमें कालोनी के तीन युवक और रेलवे के पांच श्रमिक घायल हुए हैं। दोनों पक्षों ने पहले कोतवाली में घटना की तहरीर दी और बाद में समझौते से विवाद निपटा लिया।
रेलवे वार्ड संख्या चार निवासी वकील अहमद नामक युवक शुक्रवार शाम करीब आठ बजे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से घर जा रहा था। रेलवे क्रासिंग पर विपरीत दिशा से आ रहे रेलवे के कार्य में लगे ट्रैक्टर के आने पर ट्रैक्टर और बुलेट सवार युवक में विवाद पैदा हो गया। नौबत मारपीट तक पहुंची।
बुलेट सवार युवक एवं उसके समर्थक युवकों ने रेलवे के मजदूरों की पिटाई कर दी। घटना पर पता चलने पर रेलवे के अन्य श्रमिक भी मौके पर पहुंचे और मारपीट करने वाले युवकों पर पथराव कर दिया। दोनों पक्षों की ओर से करीब आधे घंटे तक पथराव होता रहा, इससे घटना स्थल के पास अफरा-तफरी मच गई। पत्थरबाजी की घटना में रेलवे कालोनी निवासी वकील अहमद के अलावा भूरा, रेशमा एवं रेलवे के श्रमिक नरेंद्र सिंह, कृपाल सिंह, रामचंद्र, श्याम बाबू, मानपाल चोटिल हुए हैं। कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी और फिर समझौता कर विवाद निपटा लिया है।