टनकपुर (चंपावत)।
शहर निवासी एक युवक न्यू टैक्सी स्टैंड रोड पर खड़ी मैक्स गाड़ी में मृत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। पुलिस युवक की असाधारण मौत से इनकार कर रही है। मृतक के परिजनों ने भी अभी मामले में किसी तरह का शक जाहिर नहीं किया है। मृतक के पिता एआरटीओ कार्यालय बागेश्वर में तैनात हैं।
शहर के खच्चर पड़ाव अस्पताल रोड निवासी नितिन खोलया (29) पुत्र तारा दत्त खोलिया बुधवार की देर शाम तक घर नहीं आया। परिजन पहले तो इसे उसकी आदत मानते हुए निश्चिंत रहे। जब देर रात तक भी वह घर नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन शुरू की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बृहस्पतिवार की सुबह न्यू टैक्सी स्टैंड रोड पर खड़ी मैक्स गाड़ी (यूपी 25 जी/9809) के चालक ने गाड़ी का दरवाजा खोला तो अंदर नितिन को मृत पड़ा देख उसने फौरन उसके परिजनों व पुलिस को सूचना दी।
इस पर कोतवाल अरुण कुमार वर्मा पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक नितिन के पिता तारा दत्त खोलिया एआरटीओ कार्यालय बागेश्वर में तैनात हैं। कोतवाल वर्मा का कहना है कि युवक की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।