टनकपुर (चंपावत)। पूर्वी विचई सैलानीगोठ में दोहरे हत्याकांड के आरोपी पूर्व सैनिक भोला दत्त जोशी को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया है। हत्या के इस मामले की पुलिस अभी कई नजरियों से भी तफ्तीश कर रही है। गत शनिवार को पूर्वी विचई सैलानीगोठ में ट्यूब वैल के कुएं से बरामद हुए मनोहर कश्यप व शमशानी बाबा राजेंद्र नाथ की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर गृह स्वामी पूर्व सैनिक भोला दत्त जोशी को गैर इरादतन हत्या का आरोपी बनाया है। उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 304 के तहत मुकद्दमा पंजीकृत किया गया है। कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी पूर्व सैनिक को पूछताछ के बाद बुधवार को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी वारदात की अन्य नजरियों से भी तफ्तीश की जारी है।