बनबसा (चंपावत)। एसएसबी, पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने भारत नेपाल सीमा पर किच्छा निवासी एक व्यक्ति को आठ सौ ग्राम चरस के साथ पकड़ लिया। आरोपी कैरियर (सामान ढोने वाला) बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी अनुसार भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी, पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को भारत नेपाल पिलर संख्या 805/1/7 के पास एक व्यक्ति नेपाल की ओर से संदिग्ध अवस्था में भारत की तरफ आता दिखा। संदेह होने पर संयुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास थैले में 1 किला 800 ग्राम चरस मिली। एसएसबी के सहायक कमांडेंट सागर प्रदीप जोशी ने बताया कि चरस के साथ पकड़ा गया शफीक अहमद किच्छा के सिरोल कलान वार्ड संख्या सात का रहने वाला है। थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस की धारा 8/20 के तहत केस दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी बताया कि नेपाल के नेपाली तस्कर ने उसे बनबसा तक चरस पहुंचाने के दो हजार रुपये दिए थे।
आरोपी की निशानदेही पर पकड़ा गया नेपाली तस्कर
बनबसा (चंपावत)। एसएसबी, पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चरस के साथ पकड़े गए आरोपी शफीक अहमद की निशानदेही पर मुख्य नेपाली तस्कर के बारे नेपाल नारकोटिक्स विभाग (एनसीपी) को अवगत कराया दिया। नेपाल पुलिस ने नेपाली तस्कर को दबोच लिया है। एसएसबी के सहायक कमांडेंट सागर प्रदीप जोशी और थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने बताया कि नेपाल में पकड़ा गया मुख्य तस्कर सिंगवीर धामी नेपाल के ग्राम भामचौर वार्ड संख्या तीन जिला बझांग का रहने वाला है। नेपाल पुलिस द्वारा उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि उसने बझांग से लाकर महेंद्रनगर के आसपास करीब डेढ़ किलो चरस जमा कर रखी है, जिसे भारत में भेजा जाना था।