चंपावत पुलिस लाइन में मासिक अपराध समीक्षा बैठक लेते एसपी देवेंद्र पींचा।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। पुलिस लाइन में बुधवार को मासिक अपराध समीक्षा बैठक हुई। इसमें एसपी देवेंद्र पींचा ने सभी कोतवालों और थानाध्यक्षों को सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए सख्ती से चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पिछले माह की गोष्ठी में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। इस दौरान पुलिस लाइन, थाना, चौकियों, अग्निशमन केंद्रों में जवानों की बैरकों का आधुनिकीकरण करने पर चर्चा की गई। सभी थाना प्रभारियों को पुलिस मुख्यालय पर रेंज स्तर में चलाए जा रहे अभियान में शत-प्रतिशत कार्रवाई करने, ऑपरेशन क्रेकडाउन के तहत मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के निर्देश दिए। साइबर अपराधों में त्वरित कार्रवाई कर मुकदमे दर्ज करने, अधिकतम ई-चालान करने, लंबित मालों का निस्तारण कराने, लंबित विवेचनाओं और शिकायती प्रार्थना पत्रों की जांच शीघ्र पूर्ण करने के लिए कहा गया। पिछले माह अपनी ड्यूटी के दौरान सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले नौ पुलिस कर्मियों को नकद पारितोषिक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। श्री मां पूर्णागिरी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को सकुशल दर्शन कराने के लिए सभी पुलिस जवानों की सराहना की गई। बैठक में सीओ अशोक कुमार सिंह, अभिनव चौधरी, अवनीश वर्मा आदि मौजूद रहे।