टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अमरूबैंड के पास लगाया गया पिंजरा। संवाद
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर अमरूबैंड के पास बुधवार देर रात तेंदुए ने बाइक सवार दो युवकों पर हमला बोल दिया। इससे एक युवक बुरी तरह घायल हो गया, जबकि दूसरा सवार बाल-बाल बच गया। जख्मी युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक अब्दुल रहमान (34) पुत्र सगीर अहमद निवासी बगिया, करेली जिला बरेली और धर्मवीर गुप्ता (28) पुत्र गेंदन लाल निवासी भमोरा जिला बरेली बुधवार देर रात चंपावत से टनकपुर आ रहे थे। अमरूबैंड के पास एक तेंदुआ अचानक सामने आ गया। तेंदुए ने पीछे बैठे अब्दुल रहमान पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। हमले से रहमान बाइक से गिर पड़ा, जबकि बाइक चला रहे धर्मवीर ने बाइक रोककर शोर मचाया, जिससे तेंदुआ रहमान को छोड़ भाग गया।
स्थानीय लोगों की मदद से रहमान को उप जिला अस्पताल लाया गया। डॉ. मोहम्मद उमर ने बताया कि रहमान के सिर, मुंह और हाथ पर गंभीर निशान हैं। रहमान अभी बेहोश है, लेकिन हालत में सुधार है। वहीं एनएच पर इस क्षेत्र के आसपास पिछले महीने एक व्यक्ति को घायल करने के अलावा जून से अब तक पांच बार तेंदुआ लोगों को दिख चुका है।
वन विभाग ने लगाया पिंजरा
टनकपुर (चंपावत)। कई बार तेंदुए दिखने और दो बार हमला करने के बाद वन विभाग सक्रिय हुआ है। वन क्षेत्राधिकारी गुलजार हुसैन ने बताया कि सूखीढांग क्षेत्र के आसपास हो रही वारदात के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। साथ ही अब घटनास्थल के नजदीक पिंजरा भी लगा दिया गया है। इसके अलावा दो कैमरे भी लगाए गए हैं।