टनकपुर (चंपावत)। दिनेश सिंह मेहर की स्मृति में आयोजित तड़ागी पीपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब तड़ागी वॉरियर ने अपने नाम कर लिया। रविवार को टनकपुर स्टेडियम में हुए खिताबी मुकाबले में तड़ागी वॉरियर ने पांडे पैंथर्स को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। एसडीएम आकाश जोशी ने विजेता और भाजपा नेता गोविंद सामंत ने उप विजेता टीम को पुरस्कृत किया।
जय मां पूर्णागिरि स्पोर्ट्स क्लब उचौलीगोठ की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए पांडे पैंथर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 112 रन बनाए। नितिन भाटिया ने सबसे ज्यादा 31 रन का योगदान किया। वॉरियर के गेंदबाज दीपक कार्की, किशन चंद और लवप्रीत ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में तड़ागी वाॅरियर ने जीत के लिए जरूरी 113 रन तुषार सेठी के अर्धशतक की बदौलत मात्र एक विकेट के नुकसान पर बना लिए। सचिन महर और जितेंद्र महर ने अंपायरिंग की। तड़ागी वॉरियर के दीपक कार्की मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने। उन्होंने 12 रन बनाने के साथ ही दो विकेट भी झटके। फाइनल मुकाबले में सुरेश सिंह, फतेह सिंह, गणेश महर, मोहित कनवाल, रिपु दमन सिंह तड़ागी, बच्ची सिंह नाथ आदि मौजूद थे।