टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर में पुलिस कर्मी, गर्भवती महिला और एक फौजी समेत 11 और लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। गर्भवती महिला और फौजी में कोरोना जैसे लक्षण पाए जाने पर दोनों को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया किया है। अन्य संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग ने आइसोलेट किया है। चिकित्साधिकारी डॉ. मोहम्मद उमर ने बताया कि पिछले दिनों भेजे गए आरटीपीसीआर सैंपलों की जांच रिपोर्ट में 11 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें टनकपुर कोतवाली का एक पुलिस कर्मी, एक रोडवेज कर्मी, छुट्टी पर घर आए फौजी और एक नौ माह की गर्भवती महिला समेत 11 लोग शामिल हैं। सीएमएस डॉ. एचएस हयांकी ने बताया कि गर्भवती महिला को एहतियातन और सैनिक में कोरोना जैसे लक्षण प्रतीत होने पर उसे हल्द्वानी रेफर किया गया है।