टनकपुर (चंपावत)। जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर, बनबसा में रविवार को दो गर्भवती महिलाओं समेत चार और लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इन सभी को आइसोलेट कर दिया है। सीएमएस डॉ. एचएस ह्यांकी ने बताया कि शनिवार देर रात मिली रिपोर्ट में वार्ड पांच निवासी 48 वर्षीय व्यक्ति, वार्ड नंबर चार निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति, छह माह से गर्भवती छीनीगोठ की 22 वर्षीय महिला और बनबसा के बेलबंद गोठ की करीब सात माह की गर्भवती 20 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी संक्रमितों को धर्मशाला में आइसोलेट किया गया है। सीएमएस ने बताया कि संक्रमित मिले सभी लोगों के सैंपल 20 अगस्त को लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। शनिवार को भी शहर के मोहनपुर कॉलोनी (विष्णुपुरी) में 28 वर्षीया गर्भवती भी कोरोना संक्रमित पाई गई थी। आठ माह की गर्भवती का एक छोटा बच्चा होने से स्वास्थ्य विभाग ने उसे घर पर ही आइसोलेट किया है।