टनकपुर के मनिहारगोठ कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण करते एसपी लोकेश्वर सिंह।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। एक साथ कई लोगों के कोरोना संक्रमित मिलने पर यहां इमलीपड़ाव वार्ड और मनिहारगोठ को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। शहर के इमलीपड़ाव वार्ड के बस स्टेशन के पीछे के हिस्से और मनिहारगोठ ग्राम पंचायत के एक बड़े हिस्से को कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील किया है। इसके बाद जरूरी सामान की आपूर्ति छोड़ इन क्षेत्रों में किसी के भी प्रवेश और आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। एसपी लोकेश्वर सिंह ने मंगलवार को इन दोनों क्षेत्रों का निरीक्षण कर वहां बाहरी लोगों की आवाजाही रोकने के लिए बैरिकेटिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। संबंधित क्षेत्र में जरूरी सामान की आपूर्ति में पुलिस कर्मियों से सहयोग करने को कहा। समय-समय पर ड्रोन कैमरे से भी निगरानी रखने और जगह-जगह पर कंटेनमेंट जोन के निर्देश संबंधी फ्लैक्स बोर्ड लगाने के निर्देश सीओ विपिन चंद्र पंत को दिए।