संवाद न्यूज एजेंसी, चंपावत। जिला मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोरोना वायरस को लेकर जारी लॉकडाउन में अपने घरों को लौट रहे प्रवासी मजदूरों की व्यवस्था नहीं करने का आरोप लगाया है। कार्यकर्ताओं ने सरकार को निशाने पर लेते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की है। कहा कि भाजपा सरकार की ओर से लॉकडाउन के दौरान घरों को वापस आ रहे मजदूरों की सुरक्षित वापसी के ठोस प्रयास नहीं करने से न केवल दिक्कतें झेलनी पड़ रही है, बल्कि काफी संख्या में मजदूर हादसे का शिकार हुए हैं। लेकिन सरकार की ओर से इन मजदूरों के सुरक्षित वापसी के कोई भी प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। जिसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौन धारण कर पार्टी कार्यालय में धरना दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तम देऊ ने केंद्र व राज्य सरकारों पर कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए लागू लॉकडाउन के दौरान उपजे हालात को सही ढंग से हैंडल न करने का आरोप लगाया है। धरना देने वालों में कांग्रेस सेवादल प्रभारी हरीश चौधरी, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूरज प्रहरी, हरगोविंद बोहरा, सुशीला बोहरा आदि शामिल रहे।