चंपावत। सीएम पुष्कर सिंह धामी लोहाघाट नगर में फूलों की होली खेल उत्सव मनाकर हर तरफ खुशियां दे गए। सीएम के करीब एक किमी रोड शो के दौरान हर तरफ बच्चे, बूढ़े, महिलाओं ने सीएम का उत्साह के साथ स्वागत किया। सीएम पर लोगों ने फूल तो बरसाए ही साथ ही प्यार भी खूब दिया। सीएम ने भी लोहाघाट की समस्याओं को समझते हुए मंच से कई घोषणाएं कर जनता के महोत्सव मनाने का मौका दे दिया।
रविवार को लोहाघाट नगर दुल्हन की तरह नजर आया। सड़कों पर लोगों की भारी भीड़ रही। विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों से हर कोई सीएम पुष्कर सिंह धामी को देखने के लिए पहुंचा था। शिशु मंदिर परिसर से सीएम पुष्कर सिंह धामी का काफिला चला। उसके आगे कुमाऊंनी वेशभूषा में लड़कियां, महिलाएं, ढोल दमाऊ के साथ नाचते गाते लोग धीरे-धीरे सभा स्थल की ओर को बढ़ रहे थे। करीब एक किमी रोड शो के दौरान सीएम ने महिलाओं, बच्चों पर जमकर फूल बरसाए।
कई बार सीएम भी असमंजस की स्थित में दिखाई दिए कि किसकी तरफ फूल फेंके, हर कोई तो उनका अभिनंदन कर रहा है। जहां फूलों की कमी हुई वहां पर सीएम के काफिले के आगे मीडिया कवरेज के लिए चल रहे वाहन से लोगों को गुलाब की पंखुड़ियां दी गईं। लोगों ने सीएम के रोड शो के दौरान अपने घर के काम भी छोड़ दिए। सीएम जाते ही सड़कें पूरी तरह खाली हो गईं।
सीएम को देखने जा रहे हैं
चंपावत। डिग्री कॉलेज रोड पर पांच बच्चे सभा स्थल को जा रहे थे। पूछने पर बताया कि सीएम को देखने और सुनने जा रहे हैं। इसमें चार साल की जिया, सात साल का कासिफ, नौ साल की फिजा और 13 साल की अलीशा शामिल रहीं। हर तरफ लोग सिर्फ सीएम को सुनने और देखने जा रहे थे। सीएम के काफिले के आगे चल रहे कार्यकर्ताओं ने शेर आया शेर आया पुष्कर सिंह धामी शेर आया... कहकर नारे लगाए। यह सिलसिला सभा स्थल के करीब तक चलता रहा। वहीं रोड से पहले कुछ छात्राओं ने रैली निकालकर सीएम की जमकर जय जयकार की। शिशु मंदिर क्षेत्र से लेकर रामलीला मैदान क्षेत्र को हरे और नारंगी रंग के गुब्बारों से सजाया गया था। संवाद
सुबह से ही छतों पर दिखाई देने लगे थे लोग
चंपावत। लोहाघाट में सरस्वती शिशु मंदिर क्षेत्र से लेकर रामलीला मैदान क्षेत्र के बीच लोग मकानों में सुबह से ही छत पर खड़े हो गए थे। सड़कों पर भी यहीं आलम था। एक तरफ महिलाएं तो दूसरी तरफ पुरुष। इसमें बच्चे भी पीछे नहीं थे। अमूमन रविवार को लोग घर पर अपने काम करते हैं लेकिन सीएम को देखने के लिए लोगों ने अपने सभी काम समय से निपटा लिए थे। सीएम के आने पर लोगों ने वीडियो और फोटो लेना शुरू कर दिया। सभा स्थल में जगह कम होने के कारण जिसको सभा स्थल के बाहर जहां जगह मिली वहीं बैठ गया। संवाद
...ऑर बीच कार्यक्रम से ही जाने लगे लोग
चंपावत। सीएम के संबोधन के दौरान लोग काफी उत्सुकता से उन्हें सुनते रहे, लेकिन जैसे ही उन्होंने विकास कार्यों का नाम लेना शुरू किया, वैसे ही जिसे जहां जगह मिली पंडाल से निकलने लगे। इसे देख सीएम ने भी अपनी बात छोटी कर दी। सभा स्थल से बाहर आते लोगों ने बताया कि सीएम का भाषण तो सुन लिया है। हम तो उन्हें सुनने और देखने आए थे। विकास कार्य होंगे तो पता चल ही जाएगा। संवाद
मैं आपका बेटा, आपका भाई, आपके साथ हूं : सीएम
चंपावत। लोहाघाट के रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कहा कि कैसे भी हालात हों मैं आपका बेटा, आपका भाई, आपका साथ हमेशा खड़ा रहूंगा। इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए कांग्रेस पर भी निशाना साधा। सीएम ने कहा कि 60 साल में महिलाओं के हित के लिए कोई भी काम देश में नहीं हुआ लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के बारे में सोचा और आज महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और आगे बढ़ाने के लिए देश में कई योजनाएं चल रही हैं। सभी को सवाल पूछना चाहिए कि 60 साल पहले महिलाओं के लिए काम क्यों नहीं हुए। आज चौतरफा विकास हो रहा है। आज से पहले ऐसा कभी नहीं हुआ। सीएम ने दोहराया कि राज्य में अतिक्रमण और अराजकता का माहौल बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जनता जनार्दन आप बताओ हल्द्वानी के बनभूलपुरा की घटना के दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए कि नहीं होनी चाहिए। हमारी पुलिस की महिला बहनों को आग में जलाने का प्रयास किया गया। सीएम ने कहा कि किसी दोषी को बख्शेंगे नहीं।
शिविर में 80 से अधिक लोगों को मिला लाभ
चंपावत। लोहाघाट स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिव्यांग और मानसिक शिविर का लगाया गया था। इसमें 80 से अधिक मरीजों का इलाज करने के साथ ही दिव्यांग और मानसिक रोगियों को प्रमाणपत्र बांटे गए। सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि शिविर में दूरदराज के कई लोग आए थे। नेहरू मैदान में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए थे। इसमें स्थानीय उत्पादों के स्टॉल शामिल रहे। संवाद