बाराकोट में बर्दाखान-बिसराड़ी मोटर मार्ग की बदहाली पर लोनिवि और प्रशासन का पुतला फूंककर नाराजगी
लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड बाराकोट के बर्दाखान-बिसराड़ी मार्ग की बदहाली पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने लोनिवि और प्रशासन का पुतला फूंककर जल्द मार्ग पर डामरीकरण की मांग की। डामरीकरण नहीं करने पर एक मई से सड़कों पर उतर कर आंदोलन की चेतावनी दी।
ग्राम प्रधान निर्मल नाथ, ज्येष्ठ उप प्रमुख नंदाबल्लभ बगौली के नेतृत्व में ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। ज्येष्ठ उप प्रमुख बगौली ने कहा कि लोनिवि की ओर से बनाई गई बदार्खान-बिसराड़ी सड़क पर डामर उखड़ चुका है। ऊबड़-खाबड़ मार्ग से आवाजाही में वाहनों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई बार मार्ग की बदहाली की सूचना लोनिवि और प्रशासन के सम्मुख उठाई जा चुकी है लेकिन ग्रामीणों की समस्या की सरासर अनदेखी की जा रही है। बगौली ने कहा कि बीते 10 वर्षों से मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग करते आ रहे हैं। उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी को चंपावत दौरे के दौरान ज्ञापन सौंपा था। अभी तक स्थिति जब तस है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द मार्ग पर डामरीकरण नहीं किया गया तो ग्रामीण एक मई से लोनिवि और प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे। इस दौरान दीवान राम, मुकेश सिंह, पूरन नाथ, भवान राम, पपेंद्र प्रसाद, प्रहलाद सिंह, कृष्णा सिंह, मनोज सिंह आदि मौजूद रहे।