लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट क्षेत्र के मंदिरों में हुई चोरियों का खुलासा नहीं होने और पुलिस की ओर से रिपोर्ट दर्ज न किए जाने पर लड़ीधुरा शैक्षिक और सांस्कृतिक मंच ने नाराजगी जताई है। मंच ने पुलिस से केस दर्ज कर मामलों का खुलासा करने की मांग की है।
लड़ीधुरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष नगेंद्र कुमार जोशी, लोकमान सिंह अधिकारी, देवेंद्र सिंह अधिकारी, जगदीश अधिकारी, उमेश्वर सिंह अधिकारी आदि ने कहा कि करीब तीन वर्षों में बाराकोट के लड़ीधुरा, मस्टा मंडाली मंदिर, काकड़ के शिव मंदिर, वरदायिनी मंदिर, छुलापैं के भूमिया मंदिर, खोला सुनार के एड़ी मंदिर आदि मंदिरों में चोरों ने घंटियां, नकदी, कीमती आभूषण, बर्तन आदि चुरा लिए थे। मंदिरों में चोरियों की तहरीर उन्होंने लोहाघाट थाने में दी लेकिन खुलासा नहीं हुआ और चोरों के खिलाफ ही केस भी दर्ज नहीं हुआ। उन्होंने जल्द चोरियों का खुलासा और चोरों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की। बाराकोट क्षेत्र के अलावा खेतीखान के जागोली बाबा मंदिर, चिलकोट के धानकेश्वर मंदिर में हुई चोरियों का भी खुलासा पुलिस नहीं कर पाई है।
थाना प्रभारी मनीष खत्री ने कहा कि वह पिछले करीब छह महीनों से यहां तैनात हैं। बाराकोट क्षेत्र में हुई चोरियों की उन्हें तहरीर नहीं मिली है। थाने में चोरी की या अन्य किसी भी प्रकार की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाती है।