लोहाघाट के पाटन पाटनी निवासी गर्भवती महिला की मौत पर उपचार में लापरवाही करने वाले चिकित्सकों के
- फोटो : लोहाघाट के पाटन पाटनी निवासी गर्भवती महिला की मौत पर उपचार में लापरवाही करने वाले चिकित्सकों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड के पाटन पाटनी निवासी गर्भवती महिला की जिला अस्पताल में मौत के मामले में लोगों ने नाराजगी जताई है। नाराज लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर डाक्टरों पर गर्भवती के इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। नाराज ग्रामीणों ने एसडीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बृहस्पतिवार को पाटन पाटनी के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रकाश बोहरा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसडीएम कोर्ट में जिला अस्पताल के डाॅक्टरों पर गर्भवती महिला के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि 24 अप्रैल को पाटन-पाटनी क्षेत्र की गर्भवती महिला सीमा विश्वकर्मा को डिलीवरी के लिए उप जिला अस्पताल लोहाघाट लाया गया। डॉक्टरों ने सीमा के गर्भ में बच्चे के मृत होने की जानकारी देकर ऑपरेशन के लिए जिला अस्पताल रेफर किया था। जिला अस्पताल के डॉक्टर ने नार्मल डिलीवरी करने की बात कही। उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल की शाम तक डॉक्टर की ओर से कोई कदम न उठाने पर शाम के वक्त गर्भवती सीमा की मौत हो गई जिसमें चिकित्सकों की लापरवाही है। उन्होंने कहा कि समय से गर्भवती महिला का ऑपरेशन हो जाता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी।
लोगों ने कहा कि अगर पीड़िता के परिजनों को समय से न्याय नहीं मिला तो क्षेत्र के लोग जिला मुख्यालय के चिकित्सकों के खिलाफ जनआंदोलन करेंगे। इस मौके पर मोहन चंद्र पाटनी, सचिन जोशी, राहुल विश्वकर्मा, राजेंद्र प्रसाद, सुनीता देवी, किरन देवी, प्रवीण पटवाल, किशोर कुमार, मुकेश कुमार, गिरीश महर, नरेंद्र कुमार, मनीष विश्वकर्मा, सोबन सिंह, सूरज कुमार, भुवन राम आदि मौजूद रहे।
फोटो 27 एलएचजी 02पी