लोहाघाट में फर्नहिल के जंगल में धधकती आग।
लोहाघाट (चंपावत)। तपिश बढ़ने के साथ आसपास के जंगलों में आग की घटनाएं होने लगी हैं। लोहाघाट वन क्षेत्र के अंतर्गत फर्नहिल और चौकड़ी के जंगलों में आग लग गई। आग से करीब एक हेक्टेयर वन संपदा प्रभावित हुई है। बाद में वन विभाग और दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। जंगलों में आग लगने से क्षेत्र में काफी देर तक धुंध छाई रही। इससे दमा के मरीजों, बुजुर्गों को सांस लेने में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
शनिवार देर शाम लोहाघाट के पास के फर्नहिल और चौकड़ी के जंगल में बीती देर शाम आग लग गई। इससे बांज, बुरांश, फल्यांट आदि प्रजातियों के काफी छोटे बड़े पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचा है। आग का जंगली जानवरों पर भी असर पड़ा है। आसपास के लोगों का कहना है कि जंगली जानवर इस जंगल से पास के दूसरे जंगली क्षेत्रों की ओर रुख करने लगे हैं। वन क्षेत्राधिकारी दीप चंद्र जोशी का कहना है कि आग की सूचना पर विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों के सहयोग से आग को नियंत्रित किया। नुकसान का जायजा लिया जा रहा है।